बॉलीवुड अभिनेता बोले – छत्तीसगढ़ बन सकता है फिल्म पर्यटन और रोजगार का नया हब, जल्द करेंगे अंतिम घोषणा
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान को वैश्विक मंच देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। बॉलीवुड अभिनेता और बावेजा स्टूडियोज के प्रमुख हर्मन बावेजा ने रायपुर में प्रस्तावित 100 एकड़ क्षेत्र में बनने वाली फिल्म सिटी का निरीक्षण किया। उन्होंने इसे राज्य के लिए पर्यटन, रोजगार और सृजनात्मकता का नया केंद्र बताया।
रायपुर। बॉलीवुड अभिनेता हर्मन बावेजा अपने दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी फिल्म सिटी परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्थानीय कलाकारों एवं अधिकारियों से मुलाकात कर परियोजना की संभावनाओं पर चर्चा की।
नवा रायपुर में 100 एकड़ में विकसित की जा रही इस फिल्म सिटी को लेकर हर्मन बावेजा ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ को देश के फिल्म पर्यटन मानचित्र पर एक नया स्थान दिलाएगी। उन्होंने इसे राज्य की पहचान, रोजगार और सांस्कृतिक समृद्धि के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया।
प्रेस वार्ता में बावेजा ने कहा, “यह केवल एक निवेश का विषय नहीं है, बल्कि यह स्थानीय युवाओं के लिए प्रशिक्षण, रोजगार और रचनात्मकता के अवसर खोलने की दिशा में एक गंभीर प्रयास है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे 15 दिनों के भीतर दोबारा रायपुर आकर इस परियोजना पर अंतिम निर्णय लेंगे।
फिल्म नीति की तारीफ:
बावेजा ने छत्तीसगढ़ की फिल्म नीति को ‘आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टि से संतुलित’ बताया और कहा कि यह केवल फिल्म निर्माण तक सीमित नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी वैश्विक मंच देगी।
परियोजना में निजी सहभागिता:
बावेजा स्टूडियोज के साथ इस परियोजना में ग्रीन टेक सॉल्यूशन्स, मुंबई के सहयोग से कार्य किया जा रहा है। परियोजना से जुड़े दिलराज सिन्हा ने बताया कि फिल्म सिटी अगले दो वर्षों में पूरी तरह चालू हो जाएगी और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, “रायपुर में विकास की असीम संभावनाएं हैं और हम इस बदलाव का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं।”
रोजगार और पर्यटन में उछाल की उम्मीद:
यह फिल्म सिटी न केवल शूटिंग का केंद्र बनेगी, बल्कि इससे राज्य में हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और फिल्म टूरिज्म को भी गति मिलेगी। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान दोनों को लाभ होगा।
भारत-पाक तनाव पर प्रतिक्रिया:
वर्तमान भारत-पाकिस्तान संबंधों पर पूछे गए प्रश्न पर हर्मन बावेजा ने स्पष्ट कहा, “मैं भारत सरकार के साथ मजबूती से खड़ा हूं।”
प्रेस वार्ता का आयोजन:
प्रेस कॉन्फ्रेंस का समन्वय अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति की मस्तूरी इकाई और मीडिया कोऑर्डिनेटर सुरभि सिंह ने किया, जिनकी भूमिका को आयोजन में विशेष रूप से सराहा गया।