छावनी पुलिस की मुस्तैदी से नशा तस्करी पर लगी लगाम, दुपहिया वाहन समेत 60 हजार की सामग्री जब्त
नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत भिलाई की छावनी पुलिस ने एक महिला तस्कर को गांजे के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में 1.2 किलोग्राम गांजा, एक दोपहिया वाहन और नकद रकम बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
भिलाई नगर, 10 मई। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत भिलाई की छावनी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक महिला गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 1.2 किलोग्राम अवैध गांजा, 10,000 रुपए नकद और एक नीले रंग की एक्टिवा स्कूटर जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 60,000 रुपये आँकी गई है।
जिला पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तोमर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पावर हाउस भिलाई स्थित एवेन्यू रोड, होंडा शोरूम के पीछे एक महिला नीले रंग की दुपहिया वाहन (क्रमांक CG07 CH 2876) में गांजा लेकर ग्राहकों की तलाश में घूम रही है। सूचना की पुष्टि होते ही थाना छावनी की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर महिला को मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम अकुला मीना उर्फ कर्री उर्फ सुनीता, निवासी केनाल रोड, परशुराम चौक, छावनी बताया। महिला के पास से 1.200 कि.ग्रा. मादक पदार्थ गांजा, नकद ₹10,000 और स्कूटर जब्त की गई। पुलिस ने आरोपिया के विरुद्ध धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 207/25 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवी मोनिका पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक विनय कुमार रजक, प्रधान आरक्षक उमेश गंगराले, आरक्षक नितिन सिंह व तालेन्द्र चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।