फरीद नगर में दो मुस्लिम परिवारों के बीच खूनी झड़प, तीन लोग गंभीर घायल, सोशल मीडिया पर धमकी और हमला का वीडियो वायरल
भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित फरीद नगर में एकतरफा प्रेम में असफल रहने पर युवक ने हिंसक रूप धारण कर लिया। लड़की द्वारा बातचीत बंद करने से नाराज युवक ने न केवल सोशल मीडिया पर उसकी और उसकी मां की जानकारी साझा की, बल्कि बुधवार रात अपने साथियों के साथ घर पहुंचकर पूरे परिवार पर चाकू और लाठियों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत फरीद नगर में बुधवार की रात दो मुस्लिम परिवारों के बीच पुरानी जान-पहचान की कड़वाहट हिंसा में बदल गई। वजह बनी एक लड़की, जिसने युवक से बातचीत बंद कर दी थी। इसके बाद युवक ने आक्रोश में आकर लड़की और उसके परिवार को निशाना बनाया।
पुलिस जानकारी के अनुसार, दोनों परिवार पहले से परिचित थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इस दौरान एक युवक की लड़की से बातचीत शुरू हुई, लेकिन जब घरवालों को दोनों की नजदीकियां खटकी तो उन्होंने लड़की को दूरी बनाने को कहा। लड़की ने भी बात करना बंद कर दिया।
इस बात से नाराज युवक ने सोशल मीडिया पर लड़की और उसकी मां का मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया। फिर बुधवार रात युवक अपने कुछ साथियों को लेकर लड़की के घर पहुंचा। वहां उसने झगड़ा शुरू कर दिया और जब विरोध हुआ तो लाठी, डंडा, चाकू और घूंसे चलाने लगा।
हमले में लड़की के परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला ले जाया गया, फिर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक अपने साथियों के साथ घर में घुसता हुआ, गाली-गलौज और मारपीट करता हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज में यह भी देखा गया कि युवक लड़की से जबरन बातचीत करने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच प्रारंभ कर दी है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।