रायपुर, भिलाई, बिलासपुर समेत कई जिलों में कारोबारियों और अफसरों के ठिकानों पर एक साथ दबिश, तड़के 4 बजे से शुरू हुई कार्रवाई
छत्तीसगढ़ में आबकारी घोटाले को लेकर भ्रष्टाचार विरोधी एजेंसियों ने बड़ा कदम उठाया है। ACB और EOW की संयुक्त कार्रवाई में प्रदेशभर के करीब 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है। इस कार्रवाई में कई कारोबारी और आबकारी विभाग के अधिकारी एजेंसियों के निशाने पर हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग से जुड़े कथित घोटाले पर शिकंजा कसते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने सुबह तड़के बड़ा ऑपरेशन चलाया। रायपुर, दुर्ग-भिलाई, धमतरी और बिलासपुर सहित राज्य के प्रमुख शहरों में 20 से 25 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई।
जिनके यहां छापे मारे गए हैं, उनमें कई नामी कारोबारी और आबकारी विभाग के उच्चाधिकारी शामिल हैं। विशेष जानकारी के अनुसार, छापेमारी की यह कार्रवाई सुबह 4 बजे से शुरू हुई और अब भी जारी है।
भिलाई में इस्पात व्यवसायी अशोक अग्रवाल के घर रेड
इस्पात नगरी भिलाई में ACB की टीम ने कारोबारी अशोक अग्रवाल के आवास पर दबिश दी। हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र की आम्रपाली कॉलोनी में स्थित उनके आवास पर ACB की टीम चार गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची। बताया जा रहा है कि अधिकारी पहले से ही इलाके की रेकी कर रहे थे।
अशोक अग्रवाल स्टील इंडस्ट्रीज से जुड़े हुए हैं और उनका नाम आबकारी विभाग से जुड़ी कथित अनियमितताओं में सामने आया है।
कार्रवाई से हड़कंप
ACB और EOW की इस समन्वित कार्रवाई से प्रदेशभर में हड़कंप मच गया है। कई अन्य कारोबारियों और विभागीय अधिकारियों के ठिकानों पर भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस छापेमारी का मकसद आबकारी घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों को खंगालना है। जल्द ही इस कार्रवाई से जुड़ी और भी जानकारी सामने आ सकती है।