अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 5 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प, प्रधानमंत्री मोदी 22 मई को करेंगे वर्चुअल लोकार्पण
रेल यात्रा के अनुभव को अत्याधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में केन्द्र सरकार द्वारा शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना अब धरातल पर नजर आने लगी है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के भिलाई-3 रेलवे स्टेशन सहित पांच स्टेशनों का रूपांतरण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसका लोकार्पण 22 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे।
भिलाई। देशभर में रेलवे स्टेशनों को स्मार्ट और यात्री-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के पांच रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हो चुका है। इनमें दुर्ग जिले का भिलाई-3 रेलवे स्टेशन भी शामिल है, जिसका स्वरूप अब पूरी तरह बदल गया है। नई संरचना में यह स्टेशन अब किसी आधुनिक एयरपोर्ट की तरह नजर आता है। स्वच्छता, सुव्यवस्थित पार्किंग, अत्याधुनिक शौचालय, दिव्यांगजन के लिए रैंप व व्हीलचेयर, और पुरुष–महिला प्रतीक्षालय जैसे तमाम सुविधाएं यात्रियों को एक नया अनुभव देंगी।
स्थानीय यात्री दीपक ने कहा, “पहले स्टेशन बेहद सामान्य और अव्यवस्थित था, लेकिन अब हर तरफ साफ-सफाई और आधुनिकता दिखाई देती है।”
दूसरे यात्री मोहम्मद नजरुल ने कहा, “भिलाई-3 रेलवे स्टेशन का कायाकल्प वास्तव में सराहनीय है। यह पहले की तुलना में कहीं अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक हो गया है।”
विशेष रूप से दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप और व्हीलचेयर की सुविधा, अलग प्रतीक्षालय, और साफ-सुथरे वॉशरूम जैसी व्यवस्थाएं इसे एक समावेशी और भविष्य उन्मुख स्टेशन बनाती हैं।
भिलाई-3 के अलावा दुर्ग जिले के पावर हाउस, भिलाई नगर, और दुर्ग रेलवे स्टेशन का कायाकल्प भी अमृत भारत योजना के तहत अंतिम चरण में है। इनके लोकार्पण की तिथि भी जल्द घोषित की जाएगी।