“आदतन तस्करों की संपत्ति फ्रीज, PIT NDPS Act के तहत एक्शन; नागरिकों से सहयोग की अपील”
जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन आघात’ अभियान के तहत पुलिस ने आदतन गांजा तस्करी में संलिप्त अपराधियों पर करारा प्रहार किया है। PIT NDPS Act के तहत कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को जेल भेजा गया है, वहीं अन्य मामलों में भी बड़ी कार्रवाई जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोहराया कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान और तेज़ किया जाएगा।
जशपुर। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए आदतन गांजा तस्कर दसी बाई के विरुद्ध PIT NDPS Act के तहत कठोर कार्यवाही की है। 54 वर्षीय दसी बाई, जो लंबे समय से गांजा की तस्करी में लिप्त रही है, को आयुक्त सरगुजा संभाग श्री नरेन्द्र दुग्गा द्वारा पारित आदेश के अनुसार न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दसी बाई पूर्व में भी वर्ष 2004, 2015 और 2022 में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुकी है, लेकिन जेल से रिहा होने के बाद भी उसने यह अवैध धंधा नहीं छोड़ा। वह स्वयं और अपने नेटवर्क के माध्यम से गांजा की बिक्री में संलग्न रही है, जिससे जशपुर और आसपास के युवाओं पर इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ा है।
जिले में इस प्रकार की यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है। पूर्व में सोकोडीपा दुलदुला के जगदीश वैष्णव पर भी PIT NDPS Act के तहत कार्यवाही की जा चुकी है। साथ ही SAFEMA कोर्ट मुंबई के माध्यम से हीराधर यादव नामक बड़े गांजा तस्कर की करोड़ों की अवैध संपत्ति (जिसमें घर व वाहन शामिल हैं) फ्रीज की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने जानकारी दी कि ऐसे अपराधियों की संपत्ति भी जब्त की जा रही है, जो नशे के कारोबार से अवैध रूप से धन संचय कर रहे हैं। आने वाले समय में इस अभियान को और भी सघन किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे अवैध कार्यों की सूचना पुलिस को देकर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।