“सोशल मीडिया फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान कर की गिरफ्तारी, गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज”
कोरबा जिले के मानिकपुर स्थित SECL खदान में हाल ही में हुई मारपीट की घटना के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सोशल मीडिया फुटेज और शिकायतकर्ता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने घटना को गंभीर मानते हुए कई सख्त धाराएं जोड़कर मामला दर्ज किया है।
कोरबा। मानिकपुर स्थित SECL खदान परिसर में 17 मई 2025 को हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में प्रार्थी एलेश पी. आनंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह KCC कंपनी में अकाउंट सेक्शन में कार्यरत है और ड्यूटी के दौरान शाम करीब 5:30 बजे सुरेश पटेल, समेश पटेल, उदय पटेल सहित अन्य लोग कार्यालय में घुस आए।
विवाद एक आवेदन को लेकर हुआ, लेकिन मामला इतनी तेजी से बिगड़ा कि आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों चक्रधर मोहंती और दीपक डे के साथ मारपीट की। दोनों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए NKH अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रकरण में शुरुआत में चार आरोपियों—आलोक कुमार पटेल, विजय कुमार यादव, उदय कुमार पटेल एवं सुरेश पटेल—को गिरफ्तार कर नायक रिमांड पर भेजा गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो, फुटेज और प्रार्थी की विस्तृत जानकारी के आधार पर पुलिस ने अन्य आठ फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- लव कुमार पटेल
- राज कुमार पटेल
- सुशील कुमार पटेल
- अजय कुमार पटेल
- संजय कुमार सारथी
- जितेन्द्र कुमार पटेल
- धनीराम यादव
- सरजू कुमार जांगड़े
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितीश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री भूषण एक्का, और साइबर सेल प्रभारी रविंद्र मीना के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित कर घटना की बारीकी से जांच की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक दर्ज धाराओं के साथ-साथ बीएनएस की धारा 333, 191(2), 191(3), 296, 351(2), 115(2), 117(2), 324(4), 308(4), और 241 को भी जोड़ा गया है।
पुलिस द्वारा की गई इस तत्पर और सघन कार्यवाही से यह संदेश स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थल पर हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।