6.93 करोड़ की लागत से हुआ री-डेवलपमेंट, स्थानीय पार्षद और यात्रियों ने सुविधाओं पर जताई संतुष्टि, कुछ व्यवस्थाओं की कमी भी उजागर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के उरकुरा समेत पांच रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन किया। करीब 7 करोड़ की लागत से नए रूप में विकसित उरकुरा स्टेशन अब यात्रियों को A1 श्रेणी की सुविधाएं देगा। आधुनिक प्लेटफार्म, ओवरब्रिज, सीसीटीवी कैमरे और शेड जैसी सुविधाओं के साथ स्टेशन को नया रूप दिया गया है। हालांकि, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने कुछ जरूरी सुविधाओं की कमी की ओर भी इशारा किया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उरकुरा रेलवे स्टेशन को नए रूप में विकसित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इसका उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में भिलाई, अंबिकापुर और भानुप्रतापपुर समेत पांच स्टेशनों को री-डेवलपमेंट के बाद राष्ट्र को समर्पित किया गया। उरकुरा स्टेशन पर कुल 6 करोड़ 93 लाख रुपए खर्च किए गए हैं।
स्टेशन को अब A1 कैटेगरी के अनुरूप तैयार किया गया है, जहां यात्रियों की सुविधा के लिए 168 वर्ग मीटर में नया कार्यालय, 3600 वर्ग मीटर का सर्कुलेटिंग एरिया, 10 प्लेटफार्म शेड और 4000 वर्ग मीटर ग्रेनाइट से बना प्लेटफार्म तैयार किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से 13 सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाए गए हैं।
स्थानीय भाजपा पार्षद पतिराम साहू ने स्टेशन की नई व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अब प्लेटफार्म से प्लेटफार्म जाने के लिए ओवरब्रिज बन गया है, जिससे हादसों की आशंका कम होगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर स्टेशन पर चाय-कॉफी की कैंटीन होती तो यात्रियों के लिए बेहतर होता।
यात्री हितेश्वरी देवी ने बताया कि पहले प्लेटफार्म की ऊंचाई कम होने के कारण उन्हें ट्रेन में चढ़ने में कठिनाई होती थी, लेकिन अब नई व्यवस्था से राहत मिली है और वह सरकार की आभारी हैं।
रेलवे ट्रैकमैन मनोहर ने स्टेशन के सौंदर्यीकरण की सराहना की लेकिन यह भी जोड़ा कि ट्रैकमैन जैसे कर्मचारियों के लिए सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिसकी जरूरत महसूस होती है।