
वाहन सुरक्षा के लिए अनिवार्य हुई HSRP प्लेट, ऑनलाइन घर बैठे ऐसे करें बुकिंग, चालान से बचने के लिए जल्द करें अप्लाई
अब देशभर में सभी वाहनों के लिए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। यह नई व्यवस्था वाहन की सुरक्षा और ट्रैकिंग के लिहाज से बेहद अहम है। तय समय सीमा में HSRP नहीं लगवाने पर भारी जुर्माना लग सकता है। इस लेख में जानिए इस प्लेट को लगवाने की प्रक्रिया, शुल्क और ऑनलाइन बुकिंग का आसान तरीका।
रायपुर। देशभर में वाहनों की सुरक्षा और चोरी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) को अनिवार्य किया गया है। अब कार, बाइक, ट्रक, ट्रैक्टर या ट्रेलर—हर प्रकार के वाहन पर यह प्लेट लगाना जरूरी है। नियम का पालन न करने पर 500 से 10,000 रुपये तक का चालान कट सकता है।
यह विशेष प्लेट एल्यूमिनियम से बनी होती है, जिसमें एक यूनिक सीरियल नंबर, होलोग्राम और लेजर कोड होता है। इसके अलावा इसमें एक कलर कोडेड स्टिकर भी शामिल होता है, जो वाहन के ईंधन प्रकार, रजिस्ट्रेशन संख्या और पंजीकरण तिथि जैसी जानकारी देता है।
क्या है शुल्क?
-
दोपहिया वाहन, ट्रैक्टर/ट्रेलर: ₹365.80 (GST सहित)
-
तीन पहिया वाहन: ₹427.16
-
चार पहिया वाहन (LMV/Passenger Car): ₹656.08 से ₹705.64 तक
यदि वाहन 1 अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत है, तो ₹100 अतिरिक्त इंस्टॉलेशन शुल्क लिया जाता है।
सभी भुगतान डिजिटल माध्यम से किए जा रहे हैं।
ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया:
-
अधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: वाहन निर्माता की HSRP वेबसाइट खोलें।
-
राज्य और वाहन प्रकार चुनें: अपने राज्य और वाहन के प्रकार का चयन करें।
-
गाड़ी की जानकारी भरें: RC नंबर, इंजन नंबर और चेसिस नंबर भरें।
-
फिटमेंट स्थान और समय चुनें: अपनी सुविधा अनुसार स्थान और स्लॉट चुनें।
-
भुगतान करें: ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करें।
-
रसीद सेव करें: भुगतान के बाद रसीद को सेव या प्रिंट कर लें — यह इंस्टॉलेशन के समय जरूरी होगी।
महत्वपूर्ण सूचना:
राज्य स्तर पर पुलिस ने अभियान शुरू किया है और तय समय सीमा तक HSRP नहीं लगवाने पर चालान की कार्रवाई तय है।