छावनी थाना क्षेत्र की घटना, पूर्व व्यवसायिक साझेदार से रंजिश; आरोपी रविशंकर फरार, पुलिस ने दो संदिग्धों को लिया हिरासत में
भिलाई के आदर्श नगर में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब हथियारों से लैस बदमाश एक व्यक्ति को निशाना बनाने उसके घर तक पहुंच गए। घर में पत्नी और बच्चे मौजूद थे, लेकिन जब आरोपी को लक्ष्य नहीं मिला, तो उसने गाली-गलौज करते हुए हवाई फायर कर दिया और फरार हो गया। मामला पुरानी व्यवसायिक रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
भिलाई। रविवार रात भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर में एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहां तलवार और पिस्टल से लैस गुंडों ने एक युवक के घर पर हमला किया। बदमाश जिस व्यक्ति को खोज रहे थे, वह घर पर मौजूद नहीं था। ऐसे में गुस्से में आकर उन्होंने घर के बाहर फायरिंग कर दी और धमकाते हुए फरार हो गए।
जिस घर में यह घटना हुई, वह सूरज सिंह का है। घटना के समय वह बाहर था और घर में उसकी पत्नी गोल्डी सिंह, बच्चे और मां मौजूद थे। गोल्डी ने बताया कि रात लगभग 8 बजे वह किचन में खाना बना रही थी, तभी खिड़की से देखा कि दो बाइकों में सवार 4-5 युवक आए, जिनमें एक रविशंकर नामक युवक था। उसके हाथ में पिस्टल थी और बाकी के पास तलवार और डंडे।
गोल्डी के अनुसार, रविशंकर पहले सूरज सिंह के साथ मछली व्यवसाय करता था, लेकिन लेन-देन के विवाद के चलते दोनों का रिश्ता टूट गया था। रविशंकर दरवाजा पीटने लगा और सूरज को बाहर बुलाने की धमकी दी। जब दरवाजा नहीं खुला तो वह बाहर जाकर फायरिंग कर चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना प्रभारी मोनिका पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। सीएसपी हरीश पाटिल और एएसपी सुखनंदन राठौर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मुख्य आरोपी रविशंकर की तलाश जारी है।
सूरज सिंह और उनकी पत्नी गोल्डी ने छावनी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस अधिकारी फिलहाल मामले को आपसी रंजिश और व्यवसायिक विवाद से जोड़कर जांच कर रहे हैं।