मारपीट कर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा, लूट का वीडियो मोबाइल में मिला
दुर्ग जिले में राह चलते लोगों को रोककर लूटपाट और मारपीट करने वाला गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पकड़े गए बदमाश राहगीरों से मोबाइल, दस्तावेज और अन्य सामान लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने एक पीड़ित के मोबाइल में मिले मारपीट के वीडियो के आधार पर जांच तेज की थी।
दुर्ग। राहगीरों को डराकर लूटने और मारपीट करने वाले एक गिरोह को दुर्ग पुलिस ने पकड़ लिया है। गिरोह के चार सदस्यों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह कार्रवाई 1 जून को डबरापारा ओवरब्रिज के पास की गई, जहां वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के चलते चारों को पकड़ा गया।
दरअसल, 5 मई की रात अमित सिंह मेहरा, निवासी दलबीर भवन, नंदनी रोड, स्कूटी से खुर्सीपार से घर लौट रहे थे, तभी गोडवाना भवन के पास चार लड़कों ने उन्हें रोक लिया। चाकू की नोंक पर अमित से मोबाइल, आधार कार्ड और स्कूटी की चाबी लूट ली गई। इस संबंध में खुर्सीपार थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। हालांकि, लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिला।
1 जून को पुलिस जब डबरापारा ओवरब्रिज के पास वाहनों की जांच कर रही थी, तब एक स्कूटी में सवार चार युवक संदिग्ध हालत में नजर आए। रोकने पर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने कई लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ कि आरोपियों ने नंदनी रोड की लूट के बाद एक और राहगीर से मारपीट कर उसका वीडियो पीड़ित के ही मोबाइल से बनाया था। बाद में जब पीड़ित ने अपना Gmail अकाउंट नए मोबाइल में लॉगइन किया, तो वह वीडियो अपने आप डाउनलोड हो गया। यह वीडियो अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन चुका है।
गिरफ्तार आरोपी:
नोहरदास मानिकपुरी (19) निवासी कैंप-1, साक्षरता चौक, सुपेला, नारायण यादव उर्फ गौरव (19) निवासी सिकोला भाटा, दुर्ग, दो अपचारी बालक