छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में कारोबारी विजय भाटिया को दिल्ली से पकड़कर रायपुर लाया गया, भिलाई-दुर्ग में ठिकानों पर छापे, अहम दस्तावेज बरामद
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किए गए कारोबारी विजय भाटिया को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। दिल्ली से गिरफ्तारी के बाद रिमांड पर लाए गए भाटिया के खिलाफ EOW ने 7 दिन की हिरासत की मांग की है। वहीं, कोर्ट ने सुनवाई पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। रविवार को EOW ने दुर्ग-भिलाई में भाटिया के कई ठिकानों पर छापा मारकर अहम दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपी कारोबारी विजय भाटिया को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया। सोमवार को उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहाँ EOW ने उनकी 7 दिन की रिमांड की मांग की। सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।

EOW और ACB की संयुक्त टीम ने रविवार को दुर्ग-भिलाई में भाटिया के कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। रविवार को कोर्ट बंद होने के कारण भाटिया को एक दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। सोमवार को उन्हें ACB जज की अनुपस्थिति में पल्लवी तिवारी की कोर्ट में पेश किया गया।
बताया जा रहा है कि 2 साल पहले ED ने भी भाटिया के ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। इस बार सुबह 6 बजे EOW की टीम ने नेहरू नगर स्थित भाटिया के घर पर दबिश दी। अधिकारी दो गाड़ियों में पहुंचे और घर को चारों ओर से घेरकर पूछताछ शुरू की। इस दौरान महिला पुलिस भी मौजूद रही।
इससे पहले भी 12 दिन पूर्व EOW और ACB ने 39 ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें दुर्ग, भिलाई, धमतरी और महासमुंद में दबिश दी गई थी। इस छापेमारी में करीब 90 लाख रुपये नकद, सोना-चांदी और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुए थे।
भाटिया के खिलाफ छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजनीतिक सलाहकार और OSD के ठिकानों पर की गई ED की छापेमारी के दौरान भी आरोप लगे थे। तब बघेल ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मिला “बर्थडे गिफ्ट” बताया था।