भिलाई-चरोदा नगर निगम के दिलीप देवांगन अचानक हुए अचेत, अस्पताल में मृत घोषित; महापौर और आयुक्त ने जताया शोक
भिलाई-चरोदा नगर निगम में बुधवार को ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से सहायक राजस्व निरीक्षक दिलीप देवांगन का निधन हो गया। वे कार्यालय में कार्यरत थे जब उन्हें चक्कर आया और वे बेहोश होकर गिर पड़े। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भिलाई। भिलाई-चरोदा नगर पालिक निगम में बुधवार दोपहर एक दुखद घटना हुई, जब सहायक राजस्व निरीक्षक (ARI) दिलीप देवांगन (57) की ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह हादसा करीब दोपहर 12:45 बजे निगम के प्रथम तल स्थित संपत्तिकर विभाग में हुआ, जहां वे प्रतिदिन की तरह अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक उन्हें चक्कर आया और वे कुर्सी से गिर पड़े। तत्काल अन्य कर्मचारियों ने उन्हें उठाकर पास के सरकारी अस्पताल (भिलाई-3) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिलीप देवांगन मूलतः जरवाय के निवासी थे। वे साडा काल में दैनिक वेतनभोगी के रूप में नियुक्त हुए थे और 2008 में नियमित कर्मचारी बने थे। वर्तमान में वे एआरआई के पद पर कार्यरत थे। उनके पीछे पत्नी और दो पुत्रों का परिवार है।
इस दुखद घटना से निगम में शोक की लहर दौड़ गई। महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकर, और आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।