
घायलों के इलाज के साथ पोस्टमॉर्टम जारी, O निगेटिव ब्लड की भारी कमी; परिजनों की आंखों में मातम, मदद के लिए जुटे आम लोग
अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट क्रैश के बाद सिविल अस्पताल इमरजेंसी का केंद्र बन गया है। हादसे में घायल यात्रियों और मृतकों के शवों को लगातार अस्पताल लाया जा रहा है। अस्पताल परिसर गमगीन माहौल में बदल गया है जहां परिजन अपने लोगों की तलाश में बेबस नजर आ रहे हैं।
अहमदाबाद (ए)। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान हादसे के बाद सिविल अस्पताल में घायलों और मृतकों की लहर उमड़ पड़ी है। लगातार एंबुलेंसों का आना जारी है। घायलों को जहां इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया जा रहा है, वहीं मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लाए जा रहे हैं।
हादसे के बाद एक और संकट सामने आया है—O निगेटिव ब्लड की कमी। अस्पताल प्रबंधन ने आम जनता से इस ब्लड ग्रुप के दान की आपात अपील जारी की है। बताया जा रहा है कि विमान जिस इमारत से टकराया, उसमें कई डॉक्टर रहते थे। हादसे में 15 डॉक्टरों के घायल होने की भी खबर सामने आई है। परिस्थितियाँ इतनी विकट हो गईं कि अस्पताल में स्ट्रेचर कम पड़ गए। कई शवों को हाथ ठेले के जरिए पोस्टमॉर्टम रूम तक पहुंचाया गया। अस्पताल परिसर में जगह-जगह रोते-बिलखते परिजन देखे जा सकते हैं, जिनकी आंखों में अपनों की चिंता और ग़म की तस्वीरें साफ झलक रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद के सांसद हसमुख पटेल भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पोस्टमॉर्टम हाउस जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अस्पताल प्रशासन से हर संभव सहायता प्रदान करने की बात कही।
हालात यह हैं कि सिर्फ अस्पताल स्टाफ ही नहीं, आम नागरिक भी घायलों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। हादसा न सिर्फ एक विमान दुर्घटना बनकर सामने आया, बल्कि इसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।