AI-171 फ्लाइट उड़ान भरते ही हादसे का शिकार, बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा विमान; मृतकों की पहचान को लेकर DNA जांच शुरू
अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भीषण विमान हादसे में अब तक 265 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 241 लोग फ्लाइट में सवार थे, जबकि बाकी लोग उस मेडिकल हॉस्टल से थे जिस पर विमान गिरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की। मृतकों की पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग शुरू कर दी गई है।
अहमदाबाद। अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर को हुआ विमान हादसा देश के सबसे भीषण एविएशन हादसों में से एक बन गया है। एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो बोइंग 787 ड्रीमलाइनर थी, ने दोपहर 1:38 बजे लंदन के लिए उड़ान भरी, लेकिन महज दो मिनट बाद ही तकनीकी खराबी के चलते वह बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की इमारत पर जा गिरी।

हादसे में अब तक 265 शव अस्पताल लाए जा चुके हैं। इनमें से 241 यात्री और क्रू मेंबर विमान में सवार थे, जबकि बाकी 5 मृतक मेडिकल हॉस्टल से संबंधित हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4 एमबीबीएस छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी की मौत की पुष्टि हुई है, हालांकि हॉस्टल में कुल कितनी मौतें हुईं, इसकी जांच जारी है।
विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स थे। यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं। इस भयावह हादसे में केवल एक यात्री जीवित बचा है।
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले क्रैश साइट का निरीक्षण किया और फिर सिविल अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की। वहां वे करीब 10 मिनट तक रुके और पीड़ितों की स्थिति की जानकारी ली।
DNA सैंपलिंग शुरू कर दी गई है ताकि शवों की शिनाख्त की जा सके। वहीं, NSG की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंच चुकी है। स्निफर डॉग्स की मदद से मलबे में और लोगों की तलाश जारी है।
एअर इंडिया ने अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक एयरपोर्ट पर परिजनों की सहायता के लिए हेल्प सेंटर शुरू किए हैं। भारत से कॉल करने के लिए नंबर है 1800 5691 444, और विदेशों से संपर्क के लिए +44 8062779200 पर कॉल किया जा सकता है।