भिलाई के आईआईटी गेट के पास हुआ दर्दनाक हादसा, घायल युवती को रायपुर एम्स किया गया रेफर, परिवार में छाया मातम
भिलाई में शुक्रवार को एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना में दो बहनों की स्कूटी को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बड़ी बहन सुहानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटी बहन खुशी की हालत नाजुक बनी हुई है। वे कॉलेज में एडमिशन के बाद अपनी तीसरी बहन से मिलने जा रही थीं।
भिलाई (दुर्ग)। शुक्रवार, 13 जून को भिलाई में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। लक्ष्मी नगर निवासी दो बहनें — सुहानी सिंह और खुशी सिंह, कुरुद स्थित रूंगटा कॉलेज में एडमिशन कराने के बाद नगपुरा में एनसीसी कैंप में शामिल अपनी तीसरी बहन से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान कुठेलाभाठा स्थित आईआईटी भिलाई के गेट नंबर 2 के सामने मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि सुहानी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल खुशी को पहले श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एम्स रायपुर रेफर किया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। इस हादसे से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन शव लेने सुपेला अस्पताल के मर्चुरी पहुंचे जहां औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव सौंप दिया गया।