सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रहे विमान का बायां इंजन फेल; यात्रियों को सुरक्षा कारणों से रात में प्लेन से उतारा गया
एयर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट एक बार फिर तकनीकी खामी का शिकार हुई है। सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही फ्लाइट को कोलकाता में आपात रूप से रोका गया जब उसके बाएं इंजन में गड़बड़ी पाई गई। यात्रियों को सुरक्षा कारणों से विमान से उतार लिया गया।
कोलकाता। सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI180 को उस समय बीच रास्ते में रोका गया जब विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला। बोइंग 777-200LR वर्ल्डलाइनर विमान ने नियत समय पर 17 जून की रात 12:45 बजे कोलकाता में लैंड किया था और उसे रात 2 बजे मुंबई के लिए रवाना होना था।

हालांकि, टेकऑफ से पहले विमान के बाएं इंजन में गड़बड़ी सामने आई, जिससे फ्लाइट की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे। करीब सुबह 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों को सूचित किया कि सुरक्षा को देखते हुए उन्हें विमान से नीचे उतरना पड़ेगा। सभी यात्रियों को कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।
यह मामला उस श्रृंखला का हिस्सा है जिसमें पिछले कुछ दिनों में कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू फ्लाइट्स को तकनीकी कारणों या सुरक्षा अलर्ट की वजह से डायवर्ट या कैंसिल करना पड़ा है।
16 जून:
- AI315 (हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली): ड्रीमलाइनर विमान तकनीकी खामी के कारण बीच रास्ते से लौटा।
- दिल्ली से रांची: एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी गड़बड़ी की आशंका पर दिल्ली लौट आई।
15 जून:
- लंदन से चेन्नई: ब्रिटिश एयरवेज का ड्रीमलाइनर तकनीकी खराबी के चलते वापस लौटा।
- फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद: लुफ्थांसा की फ्लाइट को बम की धमकी के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और लौटना पड़ा।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने एयरलाइन कंपनियों की तकनीकी जांच व आपात योजना की तैयारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं भी बढ़ रही हैं।