दिल्ली से रायपुर आई फ्लाइट में तकनीकी खराबी से दरवाजा नहीं खुला, विमान के भीतर घबराए यात्री; सभी सुरक्षित बाहर निकाले गए
दिल्ली से रायपुर आई इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार को तकनीकी गड़बड़ी के कारण बड़ा संकट पैदा हो गया। विमान सुरक्षित लैंड तो कर गया, लेकिन गेट लॉक हो गया और करीब 40 मिनट तक यात्री अंदर ही फंसे रहे। विमान में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक चातुरी नंद और रायपुर मेयर मीनल चौबे सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे।
रायपुर। दिल्ली से रायपुर आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में मंगलवार को बड़ा तकनीकी संकट पैदा हो गया। विमान रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड कर चुका था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसका गेट नहीं खुल सका, जिससे यात्रियों को करीब 40 मिनट तक अंदर फंसे रहना पड़ा।
इस फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सरायपाली विधायक चातुरी नंद, और रायपुर मेयर मीनल चौबे सहित कई यात्री मौजूद थे। दरवाजा न खुलने से विमान के भीतर कुछ यात्री घबरा गए, हालांकि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। विधायक चातुरी नंद ने बताया कि वे अपने पति के साथ दिल्ली से रायपुर लौट रही थीं। विमान जब लैंड हुआ, तो तकनीकी खराबी के कारण दरवाजा लॉक हो गया और बाहर से भी कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। इस दौरान उनके पति काफी घबरा गए थे। विधायक ने यह भी कहा कि हाल ही में अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एयर इंडिया फ्लाइट में हुई घटना की वजह से लोग पहले से ही सतर्क हैं। ऐसे में इस स्थिति ने यात्रियों को कुछ पल के लिए डरा दिया।