संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर हुई चर्चा, खरगे के दौरे की तैयारियों पर भी मंथन
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की रणनीतिक तैयारियों को लेकर राजधानी रायपुर में रविवार को कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने की। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक में छत्तीसगढ़ में पार्टी की वर्तमान राजनीतिक स्थिति की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। खासतौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संभावित दौरे को लेकर संगठनात्मक तैयारी पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने पार्टी संगठन की मजबूती के लिए स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ता संवाद और जनसमस्याओं पर तत्परता से कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को जनता के बीच विश्वास के साथ पहुंचना होगा और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक ले जाना होगा।
श्री सचिन पायलट ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि, “कांग्रेस राज्य में फिर से जन विश्वास हासिल करने के लिए संकल्पित है। हमें मिलकर संगठन को मजबूत बनाना है और जनता से सीधे संवाद कर उनकी आकांक्षाओं को समझना है।”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि संगठन को एकजुट रखने और बूथ स्तर तक मजबूती देने की आवश्यकता है। बैठक में प्रत्येक क्षेत्र से फीडबैक लिया गया और कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय करने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में यह तय किया गया कि आगामी महीनों में जनसंवाद कार्यक्रम, पदयात्रा, और सामाजिक न्याय विषयक सभाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि संगठन की पकड़ फिर से मजबूत हो सके।