
दिल्ली से पकड़े गए आरोपी पति-पत्नी, शव को सीमेंट से प्लास्टर कर सूटकेस में ठूंसा गया; सोशल मीडिया पर आरोपी महिला के पोस्ट ने चौंकाया
रायपुर में हुए सनसनीखेज सूटकेस मर्डर केस का राजफाश करते हुए पुलिस ने वकील दंपती को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि मृतक किशोर पैकरा की संपत्ति हड़पने की साजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी महिला सोशल मीडिया पर पहले ही इशारे छोड़ चुकी थी—”दुनिया मेरी आंखों से देखो”। हत्या को छिपाने के लिए शव को सूटकेस में भरकर सीमेंट से प्लास्टर किया गया और फिर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
रायपुर। प्रॉपर्टी की लालच ने एक और निर्दोष जान ले ली। रायपुर के चर्चित सूटकेस मर्डर केस में पुलिस ने वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है। दोनों को एयरपोर्ट पर मीडिया से बचते और चेहरा छिपाते देखा गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक किशोर पैकरा के नाम पुश्तैनी संपत्ति थी और वह अकेला रहता था। अंकित उससे प्रॉपर्टी के लेन-देन के बहाने जुड़ा और धीरे-धीरे उसकी देखभाल करने लगा। किशोर के नजदीकी रिश्तेदारों के न होने की जानकारी होते ही संपत्ति हथियाने की साजिश रची गई।
हत्या की खौफनाक साजिश
23 जून को किशोर की लाश रायपुरा की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के पास झाड़ियों में मिली। शव एक सूटकेस में बंद था, जिसे फिर एक लकड़ी की पेटी में रखा गया था। सूटकेस के भीतर शव को सीमेंट से प्लास्टर किया गया था ताकि दुर्गंध न फैले और पहचान न हो सके। मगर गंध फैलने पर शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया गया।
CCTV से मिले अहम सुराग
पुलिस को आरोपियों के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित किराए के फ्लैट से CCTV फुटेज मिले, जिसमें दोनों पति-पत्नी एक भारी पेटी लेकर सुबह 9:50 बजे बाहर निकलते दिखे।
शिवानी का अतीत और सोशल मीडिया एक्टिविटी
शिवानी ने 2020 में पत्रकारिता और फिर लॉ की पढ़ाई की। इसी दौरान अंकित से मुलाकात हुई और दोनों ने प्रेम विवाह किया। शिवानी को सोशल मीडिया में खासा रुझान था। हत्या से पहले उसने इंस्टाग्राम पर लिखा— “कोई सवाल नहीं, कोई जवाब नहीं… दुनिया मेरी आंखों से देखो।”
जांच जारी, बड़ा खुलासा संभव
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि यह मर्डर पूरी तरह से प्रॉपर्टी हड़पने की साजिश के तहत किया गया। SSP डॉ. उमेद सिंह ने बताया कि जल्द ही इस केस में बड़ा खुलासा किया जाएगा।