
गया में वाटरफॉल में फंसीं 6 लड़कियां; 12 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड-झारखंड में रेड अलर्ट जारी
देशभर में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बिहार में बिजली गिरने से 5 लोगों की जान चली गई, वहीं गया में अचानक उफनते वाटरफॉल में 6 लड़कियां बहने से बाल-बाल बचीं। उधर, मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत 12 राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी जारी है, जबकि उत्तराखंड और झारखंड में रेड अलर्ट के साथ भूस्खलन का खतरा भी मंडरा रहा है।
बिहार (ए)। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और आसमानी बिजली ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बिहार के भोजपुर, बक्सर और नालंदा जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। गया जिले के इमामगंज इलाके में लगुराही वाटरफॉल में अचानक पानी बढ़ गया, जिससे वहां पिकनिक मना रही छह लड़कियां तेज बहाव में बह गईं। स्थानीय लोगों की सतर्कता से सभी को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मौसम विभाग का अलर्ट: 31 राज्यों में बारिश संभावित
- भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होने की संभावना है।
- उत्तराखंड और झारखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां भूस्खलन और जलभराव का खतरा है।
- मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बंगाल, बिहार समेत 12 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
- 17 राज्यों में यलो अलर्ट लागू है, जहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हिमाचल और उत्तराखंड में नुकसान
हिमाचल प्रदेश में 20 जून के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं में 20 लोगों की जान जा चुकी है। मंडी जिले की जूनी और ब्यास नदियां उफान पर हैं। आज राज्य के 4 जिलों में स्कूल बंद रखे गए हैं। वहीं, उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बादल फटने की घटना में 2 लोगों की मौत हुई है।