विधायक गजेन्द्र यादव की पहल पर शासन ने दी मंज़ूरी, शिक्षा और यातायात सुविधा को मिलेगा बढ़ावा
दुर्ग शहर के सर्वांगीण विकास को एक और महत्वपूर्ण दिशा मिली है। विधायक गजेन्द्र यादव के सतत प्रयासों और राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल इस क्षेत्र को दो नई फोरलेन सड़कों और एक अत्याधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी की सौगात मिली है। कुल ₹38.95 करोड़ की लागत से पांच बड़े विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
दुर्ग। दुर्ग शहर के बुनियादी ढांचे और शहरी विकास को मजबूती देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विधायक गजेन्द्र यादव की पहल पर मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद और सेंट्रल लाइब्रेरी योजना के अंतर्गत कुल ₹38.95 करोड़ की लागत से पांच प्रमुख विकास कार्यों की मंजूरी प्रदान की गई है।
इस स्वीकृति में जी.ई. रोड से स्टेशन रोड तक नई फोरलेन सड़क, सिकोला नाला निर्माण, स्टेशन रोड से शहीद चौक और आईएमए चौक तक सड़क चौड़ीकरण व फोरलेन कार्य, तथा 500 सीटों वाली आधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग ज़ोन का निर्माण शामिल है।
विधायक गजेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण दुर्ग में तेज़ी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि दुर्ग के भविष्य की आधारशिला है।
स्वीकृत कार्यों का विवरण:
- जी.ई. रोड से स्टेशन रोड फोरलेन निर्माण : ₹5.50 करोड़
- सिकोला नाला निर्माण : ₹3 करोड़
- स्टेशन रोड से शहीद चौक फोरलेन निर्माण : ₹9.75 करोड़
- राजेन्द्र पार्क चौक से आईएमए चौक तक चौड़ीकरण एवं फोरलेन : ₹9.27 करोड़
- सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग ज़ोन (500 सीटर) : ₹11.42 करोड़
विधायक ने बताया कि ये सभी कार्य नगर निगम दुर्ग क्षेत्र में जल्द शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, यातायात और शहरी जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए यह पहल मील का पत्थर साबित होगी।