ग्राहक की जानकारी के बिना आधार कार्ड से दूसरा सिम एक्टिवेट कर किया गया फर्जीवाड़ा, वैशाली नगर पुलिस की सक्रिय कार्रवाई
भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में डिजिटल पहचान का दुरुपयोग करते हुए सिम कार्ड धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला ग्राहकों की निजी जानकारी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
भिलाई, 17 जुलाई । मोबाइल सिम कार्ड की अवैध बिक्री और फर्जी रजिस्ट्रेशन के मामले में वैशाली नगर थाना पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपी प्रमोटर ने महिला ग्राहक के आधार कार्ड का दुरुपयोग कर उसकी जानकारी के बिना दूसरा सिम कार्ड एक्टिवेट कर बेच दिया।
प्रार्थिया कुमारी अमिका मगराज उर्फ किरण (उम्र 22 वर्ष) ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने 6 मई 2024 को अर्जुन नगर स्थित चुन्नु मोबाइल नामक दुकान से एक सिम कार्ड खरीदा था। कुछ दिनों बाद पता चला कि उसी दिन उसके आधार कार्ड का बिना अनुमति उपयोग करते हुए दूसरा मोबाइल नंबर 7772957264 रजिस्टर्ड कर बेच दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चुन्नु कुमार (उम्र 20 वर्ष, निवासी छावनी) ने अपनी सहयोगी निशा सिण्डे उर्फ नैना यादव (उम्र 20 वर्ष, निवासी खुर्सीपार) के साथ मिलकर यह फर्जीवाड़ा किया है। दोनों ने मिलकर ग्राहक की पहचान का दुरुपयोग कर मोबाइल सिम बेचा। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। थाना वैशाली नगर पुलिस की मुस्तैदी और तत्परता से यह धोखाधड़ी उजागर हुई है। यह मामला न केवल साइबर फ्रॉड बल्कि ग्राहकों की निजी पहचान के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी चेतावनी है।