वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की बैठक, संयंत्र भ्रमण कर कोक ओवन बैटरियों का लिया जायजा
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के नवनियुक्त निदेशक प्रभारी श्री चितरंजन महापात्रा ने 17 जुलाई 2025 को अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर संयंत्र के निष्पादन की समीक्षा की और संयंत्र भ्रमण कर प्रमुख उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया।
भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चितरंजन महापात्रा ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर संयंत्र के क्रियाकलापों की गहन समीक्षा की। कार्यभार ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने कार्यपालक निदेशकों के साथ एक समीक्षा बैठक ली, जिसमें संयंत्र के वर्तमान निष्पादन, चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
संयंत्र भ्रमण के दौरान श्री महापात्रा ने कोक ओवन बैटरी 5 एवं 6 का निरीक्षण किया और संचालन से जुड़ी तकनीकी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) श्री बी.के. बेहेरा, मुख्य महाप्रबंधक (कोकओवन) श्री तुलाराम बेहरा, मुख्य महाप्रबंधक (मैकेनिकल) श्री प्रमोद कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके पूर्व, संयंत्र के कार्यपालक निदेशकगण — श्री एस. मुखोपाध्याय (परियोजनाएं), श्री ए.के. चक्रवर्ती (सामग्री प्रबंधन), श्री पवन कुमार (मानव संसाधन), श्री बिपिन कुमार गिरी (खदान), डॉ. रवींद्रनाथ एम (चिकित्सा सेवाएं) और श्री अरुण कुमार (रावघाट) — बैठक में सम्मिलित हुए। ऑफिसर्स एसोसिएशन और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्री महापात्रा से सौजन्य भेंट कर उन्हें पदभार ग्रहण की शुभकामनाएं दीं। भ्रमण के उपरांत, निदेशक प्रभारी ने संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक और समीक्षा बैठक की जिसमें उत्पादन, निष्पादन और भावी रणनीतियों पर गहन चर्चा हुई। गौरतलब है कि श्री महापात्रा ने 15 जुलाई 2025 को बीएसपी निदेशक प्रभारी का पदभार ग्रहण किया था।