51 किलो गांजा के साथ तस्कर राजेश यादव गिरफ्तार, बस्तर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की त्वरित कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी है। ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर रायपुर की ओर जा रहा एक युवक, मुखबिर की सटीक सूचना पर लोहंडीगुड़ा थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी के पास से 51 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है।
बस्तर, 19 जुलाई | बस्तर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गांजा तस्करी कर रहे युवक को रायपुर पहुंचने से पहले गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 51 किलो 520 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराज्यीय बाजार में कीमत करीब 2.57 लाख रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार युवक की पहचान राजेश उर्फ राजेश्वर यादव (निवासी सुकमा) के रूप में हुई है। वह ओडिशा से गांजा लेकर कार में सवार होकर बस्तर होते हुए रायपुर जा रहा था। इस दौरान मुखबिर से मिली सटीक जानकारी पर लोहंडीगुड़ा थाना पुलिस ने रास्ते में ही दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कार से गांजा के 6 पैकेट बरामद किए गए, जिन्हें बोरियों में भरकर छिपाया गया था। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, युवक गांजा की तस्करी के लिए पहले भी संदेह के घेरे में रहा है और उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है। लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है और जल्द ही गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।