‘सरप्लस बिजली वाला राज्य पर बोझ क्यों?’ — कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर लगाए जनविरोधी नीतियों के आरोप, आदित्य नगर में सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ में बढ़ती बिजली दरों को लेकर आमजन की नाराजगी अब सड़कों पर दिखने लगी है। दुर्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग का घेराव किया और दरों में वृद्धि को वापस लेने की मांग की।
दुर्ग | राज्य में बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी ने दुर्ग में जोरदार प्रदर्शन किया। जिले के पांचों ब्लॉकों से जुटे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आदित्य नगर स्थित बिजली विभाग का घेराव किया और विरोध स्वरूप ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक अरुण वोरा, राजेंद्र साहू सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बिजली दरों में हुई वृद्धि को जनविरोधी निर्णय बताया।
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने आरोप लगाया कि, “कांग्रेस शासन में छत्तीसगढ़ की जनता को सस्ती और सुचारु बिजली मुहैया कराई गई थी। लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद से लगातार बिजली दरें बढ़ाई जा रही हैं, जो गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ बन गई हैं।”
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली सरप्लस राज्य है, फिर भी उपभोक्ताओं से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनता के हितों की अनदेखी कर केंद्र की तिजोरी भरने में लगी है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सरकार तत्काल बिजली दरों में हुई वृद्धि को वापस ले और जनता को राहत देने के लिए स्पष्ट नीति बनाए।