नवा रायपुर में एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स इकाई का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने बताया औद्योगीकरण और स्वास्थ्य सेवा का मिलन बिंदु
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में फार्मास्यूटिकल सेक्टर को नई दिशा देने वाली एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स की नवीन उत्पादन इकाई का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति निवेश और रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोल रही है।
रायपुर। नवा रायपुर के सेक्टर-05 स्थित एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स की नवीनतम उत्पादन इकाई का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीति निवेशकों को आकर्षित कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप सात माह में छह लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड काल के दौरान दवाइयों की भारी मांग और कमी को देखते हुए इस फार्मा इकाई की परिकल्पना की गई थी, और आज उसका साकार रूप सामने है। उन्होंने कहा कि यह इकाई न केवल तकनीकी रूप से अत्याधुनिक है, बल्कि इससे हजारों स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर सुधार हो रहा है। राज्य में एक मेडिकल कॉलेज से शुरुआत कर अब 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजनाओं के माध्यम से हजारों मरीजों को निःशुल्क इलाज मिल रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के विजन डॉक्यूमेंट का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में राज्य की GSDP पाँच लाख करोड़ रुपये है, जिसे 2030 तक दोगुना और 2047 तक 75 लाख करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। यह लक्ष्य जनता के सहयोग और औद्योगिक विस्तार से ही संभव होगा।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स की शुरुआत प्रदेश के फार्मा सेक्टर के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि कोविड काल में भारत की फार्मा शक्ति ने विश्व को प्रभावित किया और छत्तीसगढ़ भी इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार है।
डॉ. सिंह ने नवा रायपुर की औद्योगिक संभावना की भी सराहना की और कहा कि यह क्षेत्र लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी की दृष्टि से आदर्श स्थान है। उन्होंने एस्पायर टीम को शुभकामनाएं दीं और इसे नवा रायपुर के विकास में नया आयाम बताया।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायकगण, आयोगों के अध्यक्ष, अधिकारीगण, और एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स के पदाधिकारी उपस्थित रहे।