मजाक में पति से पूछा– क्या बचा लोगे? दीवार से फिसली, पति ने दो मिनट तक थामा, फिर हाथ छूटा; अस्पताल में तोड़ा दम
हरियाणा के गुरुग्राम में एक कपल की छत पर बिताई गई हल्की-फुल्की शाम, एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। 22 वर्षीय पार्वती ने मजाक में चौथी मंज़िल की दीवार पर बैठकर पति से सवाल किया, लेकिन जवाब में मिला जीवन का सबसे बड़ा सदमा।
गुरुग्राम (ए)। गुरुग्राम के DLF फेस-3 में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब एक पत्नी मजाक में चौथी मंजिल की दीवार पर बैठी और पति से पूछा— “अगर मैं गिर गई तो क्या तुम मुझे बचा लोगे?”। इसी दौरान पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह लटक गई।
पति दुर्योधन राव ने उसे दोनों हाथों से पकड़कर दो मिनट तक बचाए रखने की कोशिश की, लेकिन थकान और घबराहट के बीच पत्नी हाथ से फिसल गई और नीचे जा गिरी। अस्पताल ले जाते वक्त वह होश में थी लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पार्वती और दुर्योधन मूल रूप से उड़ीसा के रहने वाले थे और गुरुग्राम में नौकरी कर रहे थे। उनकी हाल ही में शादी की सालगिरह थी, जिसे उन्होंने आगरा में ताजमहल देखकर सेलिब्रेट किया था।
पुलिस जांच में यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा पाया गया है। पार्वती के परिवार ने भी किसी साजिश की आशंका से इनकार किया है। पति के हाथ और छाती पर चोट के निशान यह साबित करते हैं कि उसने अपनी पत्नी को बचाने की पूरी कोशिश की।