सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने खोली आंखें, स्किमर डिवाइस से चोरी होती है कार्ड की जानकारी; जानें 8 जरूरी सेफ्टी टिप्स
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो चेतावनी दे रहा है— पेट्रोल पंप पर क्रेडिट कार्ड स्वाइप करना पड़ सकता है भारी। स्किमिंग डिवाइस से आपकी कार्ड डिटेल चुरा ली जाती है और अकाउंट से लाखों रुपये उड़ाए जा सकते हैं। साइबर लिटरेसी के इस कॉलम में जानिए स्किमिंग क्या है और कैसे बचें इस नए डिजिटल जाल से।
पेट्रोल पंप पर क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल अब जोखिम भरा हो सकता है। एक वायरल वीडियो में बताया गया है कि एक व्यक्ति ने पेट्रोल भरवाते समय कार्ड स्वाइप किया और कुछ दिनों में उसके बैंक खाते से 1 लाख से ज्यादा रुपये कट गए। यह फ्रॉड स्किमिंग तकनीक से होता है, जिसमें POS मशीन या ATM में स्किमर नामक डिवाइस छिपाकर लगाया जाता है। जब आप कार्ड स्वाइप करते हैं, तो आपकी जानकारी रिकॉर्ड हो जाती है। कई बार पिन चुराने के लिए कैमरा या नकली कीपैड भी लगाया जाता है।
स्किमिंग के संकेतों में अचानक कटने वाली छोटी राशि और संदिग्ध लेन-देन शामिल हैं। अगर आपने हाल ही में किसी कम निगरानी वाले स्थान जैसे पेट्रोल पंप पर कार्ड स्वाइप किया है, तो अलर्ट रहें। साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक, स्किमिंग के बाद क्लोनिंग की जाती है, जिसमें नकली कार्ड बनाकर फर्जी लेन-देन किया जाता है।
सेफ्टी टिप्स:
- पेट्रोल पंप और खुले ATM में कार्ड स्वाइप करने से बचें।
- कार्ड मशीन में कोई अतिरिक्त डिवाइस दिखे तो सतर्क रहें।
- पिन डालते समय कीपैड ढंकें।
- अकाउंट स्टेटमेंट और SMS अलर्ट्स पर नज़र रखें।
- अनजान ट्रांजेक्शन दिखे तो तुरंत बैंक को सूचित करें।
- इंटरनेट बैंकिंग में कार्ड ब्लॉक का विकल्प एक्टिव रखें।
- संपर्क रहित (Contactless) पेमेंट का उपयोग करें।
- समय-समय पर कार्ड पिन बदलते रहें।