छत्तीसगढ़ के युवाओं को वैश्विक स्तर के हुनर से लैस करने की पहल, गूगल-IBM से ज्वाइंट डिग्री और हार्वर्ड-कैम्ब्रिज से करार
भिलाई स्थित रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी ने ‘विश्व कौशल महाकुंभ’ के जरिए 8183 युवाओं को 7 दिनों में ऑनलाइन ट्रेनिंग देकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। इस प्रयास को ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में 20 जुलाई को इस कीर्तिमान की औपचारिक घोषणा होगी।
भिलाई। रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर के 8183 युवाओं को कम्युनिकेशन, टाइम मैनेजमेंट, इंस्टाग्राम से कमाई, चैटGPT और MS Excel जैसे जरूरी स्किल्स में ऑनलाइन ट्रेनिंग देकर एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। यह रिकॉर्ड अब गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है। इस ‘विश्व कौशल महाकुंभ’ में भारत और विदेश के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सभी कक्षाएं मुफ्त थीं और हर सत्र के बाद क्विज़ के ज़रिए प्रमाणपत्र जारी किए गए। अगले चरण में एक लाख युवाओं को जोड़ने की तैयारी है।
इस उपलब्धि के साथ रूंगटा यूनिवर्सिटी ने गूगल, IBM और EC काउंसिल के साथ ज्वाइंट डिग्री प्रोग्राम की शुरुआत की घोषणा भी की है। इसके तहत छात्र ग्लोबल लेवल की ट्रेनिंग और सर्टिफिकेशन हासिल कर सकेंगे। साथ ही हार्वर्ड बिजनेस स्कूल और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के साथ हुए समझौतों के तहत स्टूडेंट्स को इंटरनेशनल लेवल पर इंग्लिश और मैनेजमेंट की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
रूंगटा यूनिवर्सिटी के नए पाठ्यक्रम को गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, मेटा, अमेजन, IBM जैसे 20 ग्लोबल टेक लीडर्स ने मिलकर डिजाइन किया है। पहले ही शैक्षणिक सत्र में सभी 1458 सीटें भर जाना इसकी लोकप्रियता और गुणवत्ता का प्रमाण है।