शराब घोटाले में बेटे चैतन्य की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस का प्रदर्शन तेज, भूपेश बोले– दादा होते तो आज गर्व करते
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शराब घोटाले में गिरफ्तार अपने बेटे चैतन्य बघेल से रायपुर स्थित ED कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ बेटी और बहू भी मौजूद रहीं। बाहर आकर भूपेश ने सरकार पर विपक्ष को दबाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई में एकजुट है।
रायपुर। 18 जुलाई को शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किए गए चैतन्य बघेल से उनके पिता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को ED दफ्तर में मुलाकात की। भूपेश के साथ उनकी बेटी और बहू भी मौजूद थीं। मुलाकात करीब आधे घंटे चली।
बाहर निकलते हुए भूपेश बघेल ने कहा, “अगर आज तुम्हारे दादा जीवित होते तो बहुत गर्व करते। उन्होंने अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी और जेल गए। अब तुम भी इस लड़ाई में शामिल हो।” उन्होंने केंद्र सरकार पर विपक्ष को डराने, धमकाने और बदनाम करने का आरोप लगाया। बघेल ने कहा, “यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि हम विधानसभा में अडाणी, पेड़ कटाई जैसे मुद्दों पर सवाल उठा रहे थे।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने तुरंत फोन कर परिवार का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी और वह खुद पहले से तय कार्यक्रम के तहत दिल्ली रवाना हो रहे हैं। चैतन्य बघेल 22 जुलाई तक ED की रिमांड पर हैं। अधिकारियों के अनुसार, उनसे रायपुर स्थित ED कार्यालय में पूछताछ जारी है।