प्रार्थना सभा में छोटे बच्चों की मौजूदगी पर हिंदू संगठनों ने जताया विरोध, पुलिस ने दर्जनों लोगों को पूछताछ के लिए लिया हिरासत में
छत्तीसगढ़ के भिलाई और बिलासपुर में रविवार को धर्मांतरण को लेकर दो अलग-अलग स्थानों पर विवाद खड़ा हो गया। भिलाई के कैलाश नगर स्थित एक चर्च में प्रार्थना के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चर्च में मौजूद करीब 150 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसी तरह बिलासपुर के गीतांजली सिटी इलाके में भी प्रार्थना सभा को लेकर बवाल हुआ।
भिलाई/बिलासपुर। रविवार को छत्तीसगढ़ के दो शहरों—भिलाई और बिलासपुर—में धर्मांतरण को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर स्थित एक चर्च में बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।

हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। चर्च में मौजूद करीब 100 से 150 लोगों को हिरासत में लेकर बस के माध्यम से थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता चर्च के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक रामलोचन राकेश तिवारी ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा के बहाने धर्मांतरण किया जा रहा है और इसमें छोटे-छोटे बच्चों को भी शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का बिना अनुमति एकत्र होना संदेहास्पद है और प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
इसी तरह बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित गीतांजली सिटी इलाके में भी एक मकान में प्रार्थना के नाम पर धर्मांतरण की आशंका जताई गई। यहां भी हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। छावनी थाना क्षेत्र के सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि जामुल के कैलाश नगर स्थित चर्च को लेकर कुछ संगठनों ने शिकायत दी थी कि वहां प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।