रावतपुरा हॉस्पिटल के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद मौके पर ही युवक की मौत; चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक्टिवा सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। यह दर्दनाक दुर्घटना रावतपुरा हॉस्पिटल के समीप हुई, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
अभनपुर/नवा रायपुर। नवा रायपुर की ओर जाने वाली सड़क पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना रावतपुरा हॉस्पिटल के पास उस वक्त हुई, जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन (छोटा हाथी) ने सामने से आ रहे युवक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस, राखी थाना और 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से संपर्क की कोशिश की जा रही है।
वहीं, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है, ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है और चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।