
कांग्रेस का दावा- एक साल में 1 किमी भी सड़क नहीं बनी, उपमुख्यमंत्री बोले- 4492 करोड़ की लागत से 717 प्रोजेक्ट मंजूर
छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण को लेकर एक बार फिर राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बीते एक साल में सड़क निर्माण का कार्य ठप है। वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताया और करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट्स की स्वीकृति का दावा किया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अधूरी और जर्जर सड़कों को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि पिछले एक साल में महज आधा किलोमीटर सड़क बनी है। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने RTI के हवाले से दावा किया कि पीडब्ल्यूडी के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2024-25 में केवल दो कार्य—मुंगेली जिला अस्पताल मार्ग की 0.50 किमी और सरगुजा में 0.45 मीटर सीसी रोड—की ही स्वीकृति दी गई है।
धनंजय ठाकुर ने कहा कि खराब सड़कों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और जनता त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन जनता की आवाज़ को अनसुना कर रहा है। कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन और चक्का जाम की घटनाएं सामने आई हैं। यहां तक कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के काफिले को भी लोगों ने रोककर नाराजगी जताई।
दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इन आरोपों को “राजनीतिक ड्रामा” करार देते हुए कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने दिसंबर 2023 से जुलाई 2025 तक 717 निर्माण कार्यों को मंजूरी दी है, जिनमें सड़कें, पुल और भवन निर्माण शामिल हैं। कुल परियोजनाओं की लागत 4492 करोड़ 53 लाख रुपए बताई गई है।
साव ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ष 2025-26 के चालू वित्तीय सत्र में अब तक 199 कार्यों के लिए 1350 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। उन्होंने मुंगेली जिले का उदाहरण देते हुए बताया कि अकेले इस ज़िले में 82 निर्माण कार्यों के लिए 363 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए अरुण साव ने कहा कि जिनकी सरकार ने पांच साल में पांच किलोमीटर सड़क नहीं बनाई, वे अब आधे किलोमीटर की बात उठाकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।