राज्य के सभी जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया, दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बिलासपुर में खेत से लौट रहीं महिलाओं पर बिजली गिरने से दो की मौत हो गई और चार घायल हो गईं। वहीं कोंडागांव में लगातार बारिश से कच्चे मकान की दीवार ढह गई, जिसमें एक महिला की जान चली गई। मौसम विभाग ने सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को बारिश का नया दौर शुरू होते ही हादसों की खबरें सामने आईं। बिलासपुर जिले के कुंआपाली गांव में खेत से काम कर लौट रही महिलाओं पर आसमानी बिजली गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, कोंडागांव जिले में लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचाई। एक कच्चे मकान की दीवार ढह जाने से घर के अंदर सो रही 29 वर्षीय महिला जनादाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा सहित कई क्षेत्रों में बिजली गिरने, गरज-चमक और तेज़ हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटों में सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में देर शाम मौसम अचानक बदला और अच्छी बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ओडिशा में बने लो प्रेशर एरिया के कारण दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।
तापमान की बात करें तो मंगलवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।