ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति के साथ संगठन को मजबूती, आंदोलन की तारीख और स्थल का ऐलान जल्द
भाजपा सरकार पर लगे ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी में जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक, यह आंदोलन अगस्त अंत तक शुरू किया जा सकता है, जिसमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी की भी संभावना जताई जा रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर चुनावी ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आंदोलन इस महीने के अंतिम सप्ताह में आयोजित हो सकता है। खास बात यह है कि इसमें कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी शामिल हो सकते हैं।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि आंदोलन की तैयारियों के साथ संगठनात्मक स्तर पर भी कदम उठाए जाएंगे। आंदोलन की तारीख के ऐलान के साथ ही ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा किए जाने की संभावना है, जिससे कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिल सके।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि आंदोलन की रूपरेखा और तारीख जल्द घोषित की जाएगी। चर्चा है कि 29 अगस्त को आंदोलन बिलासपुर में आयोजित हो सकता है, हालांकि अंतिम रूप से कार्यक्रम स्थल पर मंथन जारी है। कांग्रेस का मानना है कि यह आंदोलन न केवल सरकार पर दबाव बनाने का माध्यम होगा, बल्कि संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने का भी अवसर बनेगा।