39.36 करोड़ की स्वीकृति, स्वास्थ्य सेवाओं में नई पहचान देगा यह प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाएँ तेजी से उन्नति की राह पर हैं। इसी क्रम में अंबेडकर अस्पताल परिसर स्थित कैंसर अस्पताल को जी प्लस टू से बढ़ाकर जी प्लस सिक्स तक विस्तारित किया जाएगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय परिसर स्थित कैंसर अस्पताल अब जी प्लस टू (ग्राउंड फ्लोर प्लस दो मंजिल) से बढ़कर जी प्लस सिक्स (ग्राउंड फ्लोर प्लस छः मंजिल) का रूप लेगा। इसके लिए 39.36 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित राशि स्वीकृत की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ इमारत का विस्तार नहीं बल्कि प्रदेशवासियों के लिए उम्मीद की नई किरण है। जी प्लस सिक्स बिल्डिंग के शुरू होने के बाद मरीजों को अत्याधुनिक जांच व उपचार सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।