अंधेरे में बिना संकेतक खड़ा था लोहे से भरा ट्रक, टक्कर के बाद मौके पर ही खत्म हुई दोनों की जिंदगी
रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया। गांव लौट रहे दो दोस्तों की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश और मातम का माहौल है।
रायपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। नवागांव निवासी डेमन साहू (40) और जितेंद्र ध्रुव (40) रात करीब साढ़े 9 बजे अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नवागांव-रायपुर मार्ग पर अंधेरे में खड़े लोहे से भरे ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक ने वाहन सड़क किनारे लापरवाहीपूर्वक खड़ा किया था और किसी तरह का संकेतक भी नहीं लगाया गया था। अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण बाइक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों के सिर फट गए और गंभीर चोटों की वजह से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इधर, दोनों की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक अपने परिवार के कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असमय मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।