
इंडिया टुडे–C Voter सर्वे में अगस्त 2025 की रिपोर्ट, बड़े राज्यों में दूसरे स्थान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री
इंडिया टुडे–C Voter के ‘मूड ऑफ द नेशन’ (MOTN) सर्वे में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की लोकप्रियता में इजाफा दर्ज हुआ है। फरवरी 2025 में जहां 39% लोग उनके कामकाज से संतुष्ट थे, वहीं अगस्त 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 41.9% पर पहुंच गया है। यह वृद्धि उन्हें बड़े राज्यों की श्रेणी में दूसरे स्थान पर ले आई है।
रायपुर। इंडिया टुडे–C Voter द्वारा जारी ‘मूड ऑफ द नेशन’ (MOTN) सर्वे में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कामकाज को लेकर राज्यवासियों की राय में सकारात्मक बदलाव देखा गया है। सर्वे के मुताबिक, अगस्त 2025 में 41.9% उत्तरदाता मुख्यमंत्री के कामकाज से संतुष्ट बताए गए। यह आंकड़ा फरवरी 2025 की तुलना में करीब 2.9 प्रतिशत अंक अधिक है, जब संतुष्टि दर 39% दर्ज की गई थी।
बड़े राज्यों के संदर्भ में यह प्रदर्शन उल्लेखनीय है। सर्वे के अनुसार, गृह राज्य में साय की स्वीकार्यता उन्हें संतुष्टि दर के आधार पर दूसरे स्थान पर ले आई है। इस श्रेणी में पहले स्थान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा रहे।
विशेषज्ञों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में साय की बढ़ती लोकप्रियता बताती है कि जनता उनके कामकाज और नीतियों को लेकर भरोसा जता रही है।