प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े तीन गांव, अब आसान हुआ आना-जाना और तेज हुई विकास की रफ्तार
बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बहतराई से परसाही होकर बिजौर तक 6.4 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आया है। 1 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से बनी इस सड़क ने न केवल आवागमन को सुगम बनाया है, बल्कि किसानों, छात्रों और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव भी जोड़े हैं।
रायपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक में बहतराई–परसाही–बिजौर मार्ग पर 6.400 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। 1 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से बनी इस सड़क ने तीन गांवों के हजारों लोगों की वर्षों पुरानी समस्या खत्म कर दी है। अब ग्रामीणों को जर्जर और उखड़ी हुई राहों से छुटकारा मिल गया है।
ग्रामीण बताते हैं कि पहले बारिश के मौसम में कीचड़ और गड्ढों से भरा यह मार्ग दुर्गम हो जाता था। स्कूल जाने वाले बच्चों, बीमार मरीजों और रोज़गार की तलाश में शहर आने-जाने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब अच्छी गुणवत्ता के साथ बनी यह सड़क सुरक्षित और आसान सफर सुनिश्चित कर रही है।
स्थानीय किसान सहदेव कौशिक ने कहा कि सड़क बनने से फसल को शहर तक ले जाना आसान हो गया है। पहले ट्रॉली और वाहन खराब रास्तों में फंस जाते थे, जिससे समय और पैसों दोनों का नुकसान होता था। वहीं छात्र युग भार्गव ने राहत जताते हुए कहा कि अब विद्यालय आना-जाना सरल हो गया है और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम हो गया है।
गांव के बुजुर्गों ने इस सड़क को “जीवनरेखा” बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार प्रकट किया। ग्रामीणों का मानना है कि इस सड़क ने क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज कर दी है।