
राहुल गांधी की यात्रा के दौरान हुई विवादित टिप्पणी; कांग्रेस दफ्तर के बाहर पथराव और लाठी-डंडे चले, भाजपा ने राहुल के खिलाफ थाने में दी शिकायत
बिहार की सियासत शुक्रवार को उस वक्त गरमा गई जब दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने वाले युवक की गिरफ्तारी हुई। इस घटना के विरोध में पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस दफ्तर का घेराव किया, जहां देखते ही देखते दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और पथराव व लाठी-डंडे चलने लगे।
दरभंगा (ए)। दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने शुक्रवार को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवी उर्फ राजा के तौर पर हुई है, जो सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भपुरा गांव का रहने वाला और पेशे से पिकअप ड्राइवर है। फिलहाल आरोपी से सिमरी थाने में पूछताछ जारी है।
इधर, इस पूरे मामले को लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और दोनों तरफ से ईंट-पत्थर के साथ लाठी-डंडे चलने लगे।
इस बवाल के बीच भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता दानिश इकबाल और कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह ने पटना के गांधी मैदान थाना में राहुल गांधी के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। हालांकि अब तक केस दर्ज नहीं हुआ है।