
2024 के अंत से अब तक सोना 34% और चांदी 37% तक चढ़ी, देशभर में दाम ऑलटाइम हाई पर
पिछले एक हफ्ते में सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार 10 ग्राम सोना ₹3,030 महंगा होकर ₹1,02,388 पर पहुंच गया, जबकि चांदी ₹3,666 बढ़कर ₹1,17,572 प्रति किलो पर पहुंच गई। दोनों धातुएं अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रही हैं।
मुंबई(ए)। सोने-चांदी के दामों में इस हफ्ते जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक हफ्तेभर के कारोबार के बाद 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹3,030 बढ़कर ₹1,02,388 पर पहुंच गई। पिछले हफ्ते यह ₹99,358 थी। वहीं, चांदी का भाव भी ₹3,666 की छलांग लगाकर ₹1,17,572 प्रति किलो हो गया।
कीमती धातुओं की कीमतों में यह बढ़ोतरी अब तक की सबसे ऊंची है। इस साल की शुरुआत यानी 31 दिसंबर 2024 से अब तक सोना ₹26,226 (34.43%) और चांदी ₹31,555 (36.68%) महंगी हो चुकी है।
शुक्रवार को भी बाजार में तेजी जारी रही और लगातार दूसरे दिन सोना-चांदी नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए। एक ही दिन में सोना ₹882 और चांदी ₹462 चढ़ गई। देश के प्रमुख महानगरों में भी सोने के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोना ₹1,03,460 और 22 कैरेट सोना ₹94,850 पर पहुंच गया। मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,03,310 और 22 कैरेट सोना ₹94,700 रही।