पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन का बड़ा फैसला, विवाद करने वालों पर होगी पुलिस कार्रवाई; 7 महीने में 214 मौतों से सबक
राजधानी रायपुर में सड़क हादसों पर लगाम लगाने प्रशासन और पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने सख्त कदम उठाया है। आज 1 सितंबर से पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलेगा। आदेश का विरोध या विवाद करने वालों पर सीधे पुलिस कार्रवाई करेगी।
रायपुर। राजधानी में आज से ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान सख्ती से लागू हो गया है। छत्तीसगढ़ पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने प्रशासन और पुलिस के सहयोग से यह कदम उठाया है। इसके तहत अब किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलेगा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति नियम का उल्लंघन कर विवाद करेगा या पंप पर हंगामा करेगा तो उसकी शिकायत सीधे डायल-112 पर की जाएगी और पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
दरअसल, रायपुर पुलिस के आंकड़े चिंताजनक हैं। केवल 7 महीनों में ही बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों में से 214 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, सीट बेल्ट नहीं लगाने की वजह से 20 से अधिक कार ड्राइवरों की भी मौत हुई है।
इसी तरह 5 महीने पहले टिकरापारा इलाके में हुए दर्दनाक हादसे ने भी सबको झकझोर दिया था। तेज रफ्तार स्कूटी सवार युवती आलिया खान (18) का सिर डिवाइडर से टकराने पर धड़ से अलग हो गया था। हादसे में उसकी दो सहेलियां भी घायल हुई थीं। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई थी। प्रशासन और पुलिस का मानना है कि सख्ती से नियम लागू होने पर सड़क हादसों और मौतों में कमी आएगी।