
सरकार ने पूरी की तैयारी, 8 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों को मिलेगा फायदा, डिजिटल सेवाओं से तेज होगी क्लेम और अपडेट प्रक्रिया
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अब अपने 8 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर्स के लिए बड़ा बदलाव करने जा रहा है। EPFO जल्द ही ‘EPFO 3.0’ लॉन्च करेगा, जिसके तहत सदस्य UPI और ATM के जरिए भी PF का पैसा निकाल सकेंगे। सरकार की इस पहल से कर्मचारियों को ज़रूरत के समय तुरंत पैसा मिल सकेगा और क्लेम की प्रक्रिया भी पहले से कहीं आसान हो जाएगी।
नई दिल्ली (ए)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों को डिजिटल सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संगठन जल्द ही ‘EPFO 3.0’ सेवा शुरू करेगा, जिससे PF निकासी की प्रक्रिया बेहद सरल हो जाएगी। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने संकेत दिए हैं कि यह बदलाव 2025 से लागू होगा।
नई सुविधा के तहत सब्सक्राइबर्स को एक स्पेशल ATM कार्ड जारी किया जाएगा, जो उनके PF अकाउंट से लिंक होगा। इस कार्ड के जरिए सदस्य सीधे ATM मशीनों से पैसा निकाल पाएंगे। वहीं, UPI से पैसा निकालने के लिए PF अकाउंट को UPI से लिंक करना होगा। इसके बाद सब्सक्राइबर्स अपने PF का पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे।
मोबाइल एप, डिजिटल डैशबोर्ड और पेमेंट सिस्टम जैसी सुविधाओं से कर्मचारी न सिर्फ पैसे निकाल सकेंगे बल्कि अकाउंट अपडेट, क्लेम करने और जानकारी प्राप्त करने जैसी प्रक्रियाएं भी तेज और आसान होंगी।
PF निकासी के मौजूदा नियम
- यदि किसी कर्मचारी की नौकरी चली जाती है, तो वह 1 माह बाद अपने PF अकाउंट से 75% राशि निकाल सकता है।
- शेष 25% राशि दो महीने बाद निकाली जा सकती है।
- अगर कोई कर्मचारी लगातार 5 साल या उससे अधिक समय तक सेवा देता है, तो PF निकासी पर इनकम टैक्स की कोई देनदारी नहीं होती। यह अवधि एक या एक से अधिक कंपनियों को मिलाकर भी पूरी की जा सकती है।
सरकार का मानना है कि EPFO 3.0 से आपात स्थिति में तत्काल धन उपलब्ध कराने में आसानी होगी और डिजिटलाइजेशन से करोड़ों कर्मचारियों को पारदर्शिता और सुविधा दोनों मिलेंगी।