प्राचार्य कक्ष के सामने कोयल की बलि, पूजा सामग्री देख सहमे छात्र; पुलिस CCTV खंगाल रही
दुर्ग। शिक्षा के मंदिर में अंधविश्वास का साया! दुर्ग के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बोरसी थाना क्षेत्र) में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्राचार्य कक्ष के सामने खून से सने पंख, कोयल की बलि और पूजा सामग्री पाई गई। स्कूल खुलते ही यह नजारा देख छात्र-छात्राएं और शिक्षक सन्न रह गए। कई बच्चे डर के कारण कक्षाओं में जाने से कतराने लगे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अंधविश्वास फैलाने वाली इस हरकत के पीछे किसका हाथ है।
माहौल में दहशत, पेरेंट्स चिंतित
घटना के बाद अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर परेशान हो गए। शिक्षकों का कहना है कि यह करतूत अंधविश्वास फैलाने और पढ़ाई का माहौल बिगाड़ने की कोशिश है।
बीईओ ने कहा—डरने की जरूरत नहीं
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश्वरी ने घटना को शरारती तत्वों की हरकत बताया। उन्होंने कहा—
“उद्देश्य केवल बच्चों और शिक्षकों को डराना है। हमें इसे तूल नहीं देना है। बच्चों को समझा दिया गया है और पढ़ाई का माहौल सामान्य रखने के निर्देश दिए गए हैं। साफ-सफाई करवाकर नियमित कक्षाएं चल रही हैं।”
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।