- 68 वर्षीय महिला मरीज पर की गई जटिल प्रक्रिया
- अब तक एम्स दिल्ली और पीजीआई चंडीगढ़ में भी नहीं हुआ था यह ऑपरेशन
- मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को दी बधाई, बोले– छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवाओं में अग्रणी राज्य
छत्तीसगढ़ की चिकित्सा सेवाओं ने नया कीर्तिमान रचते हुए देशभर में इतिहास बना दिया है। रायपुर स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट (एसीआई) की डॉक्टरों की टीम ने 68 वर्षीय महिला मरीज पर देश का छठा और किसी भी सरकारी संस्थान का पहला बैकमैन टोटल फिजियोलॉजिकल पेसिंग सफलतापूर्वक किया। यह उपलब्धि न केवल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई पहचान देती है, बल्कि सरकारी अस्पतालों की क्षमता को भी विश्वस्तरीय मानकों पर साबित करती है।
रायपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर के एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट (एसीआई) ने चिकित्सा जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां डॉक्टरों की टीम ने 68 वर्षीय महिला मरीज पर बैकमैन टोटल फिजियोलॉजिकल पेसिंग का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। यह जटिल प्रक्रिया अब तक केवल कुछ चुनिंदा निजी संस्थानों में ही की गई थी, जबकि सरकारी स्तर पर यह पहली बार संभव हो पाया।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस तकनीक से हृदय की धड़कन पूरी तरह प्राकृतिक कंडक्शन सिस्टम से संचालित होती है, जिससे मरीज को हार्ट फेल्योर और अनियमित धड़कन जैसी जटिलताओं से बचाया जा सकता है। अब तक लेफ्ट बंडल या हिज़ बंडल पेसिंग के कई केस हो चुके थे, लेकिन बैकमैन बंडल में लीड लगाने का यह पहला उदाहरण है।
इस सफलता में कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत यह उपचार निःशुल्क किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि प्रदेश अब जटिल हृदय उपचारों में देश का अग्रणी राज्य बन रहा है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस उपलब्धि से प्रदेश के मरीजों को महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और यहां भी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।