नवरात्रि और सेवा पखवाड़ा के चलते टली प्रक्रिया, अक्टूबर के दूसरे हफ्ते तक घोषित हो सकती है नई टीम
प्रदेश भाजपा में नई टीम गठन की प्रक्रिया अभी अधूरी है। मोर्चा अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों को अपनी कार्यकारिणी तैयार करने के निर्देश काफी पहले दिए गए थे, लेकिन धार्मिक आयोजनों और कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते इसमें देरी हो गई। अब अध्यक्षों ने तैयारी तेज कर दी है और सूची पर अंतिम मुहर संगठन के पदाधिकारियों की सहमति से लगेगी।
रायपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी की घोषणा पिछले माह हो चुकी है। इसी दौरान पार्टी के सात मोर्चों के अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए थे। तय नियमों के अनुसार मोर्चा अध्यक्षों को इस माह के अंत तक अपनी कार्यकारिणी बनानी थी, लेकिन नवरात्रि और सेवा पखवाड़ा जैसे कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण यह प्रक्रिया अटक गई।
अब नवरात्रि समाप्त होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अक्टूबर के दूसरे हफ्ते तक कार्यकारिणी की सूची सामने आ जाएगी। इसके लिए मोर्चा अध्यक्षों ने तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सूची को अंतिम रूप संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की अनुमति के बाद ही दिया जाएगा।
31 अगस्त को राष्ट्रीय नेताओं की बैठक में संगठन को मजबूत करने और समय पर कार्यकारिणी गठन के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद न केवल मोर्चों की, बल्कि कई जिलों की कार्यकारिणी भी अब तक घोषित नहीं हो पाई है। रायपुर शहर और रायपुर ग्रामीण के साथ करीब एक दर्जन जिलों की टीमें लंबित हैं।
संगठन ने जिलाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे बिना देरी कार्यकारिणी तैयार करें। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बार-बार की देरी से संगठनात्मक मजबूती प्रभावित हो सकती है। हालांकि, माना जा रहा है कि धार्मिक आयोजनों के चलते जो काम अटका, वह अब जल्द ही पूरा हो जाएगा और मोर्चों व जिलों की नई कार्यकारिणी का ऐलान एक साथ किया जा सकता है।