त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों को मिलेगी राहत, चार नई रेलवे परियोजनाओं को भी कैबिनेट की मंजूरी — भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा माल ढुलाई देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में रेल यात्रियों के लिए कई बड़े फैसले लिए गए। दिवाली और छठ पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार ने देशभर में 12,000 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इसके साथ ही 4 नई रेलवे परियोजनाओं को भी हरी झंडी मिल गई है, जो आने वाले वर्षों में देश की रेल व्यवस्था को नई दिशा देंगी।
नई दिल्ली (ए)। त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक में देशभर में 12,000 स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। इनमें से 1,200 ट्रेनें विशेष रूप से दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जाएंगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन ट्रेनों का संचालन देश के प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा ताकि यात्रियों को टिकट की किल्लत और भीड़भाड़ से राहत मिल सके।
इसके साथ ही कैबिनेट ने ₹24,634 करोड़ की चार नई रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी है। ये परियोजनाएं अगले 3 से 5 वर्षों में पूरी की जाएंगी। मंत्री वैष्णव ने बताया कि देश के सात प्रमुख रेलवे कॉरिडोर वर्तमान में कुल रेल यातायात का लगभग 41 प्रतिशत भार वहन करते हैं, जिन्हें अब चार से छह लाइन तक विस्तारित किया जाएगा।
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि निरंतर सुधारों के चलते भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा माल ढुलाई देश बन गया है, जिसने अमेरिका को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा, “यह पिछले दस वर्षों में भारतीय रेलवे की सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
सरकार का मानना है कि इन नई परियोजनाओं से देश की लॉजिस्टिक लागत में कमी, पर्यावरणीय प्रदूषण में गिरावट, और औद्योगिक विकास को रफ्तार मिलेगी। वैष्णव ने कहा कि यह कदम “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करेगा।