फिल्म देखने आई महिला के विरोध पर बढ़ा विवाद — पुलिस चौकी में भी चली दबंगई, तीन पुलिसकर्मी घायल; पांच आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
सिनेमा हॉल में सीट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद गुरुवार रात हंगामे में बदल गया। ट्रांसपोर्टर ने महिला से छेड़छाड़ की, विरोध करने पर उसके पति और बेटे को पीट दिया। हालात इतने बिगड़े कि आरोपियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया, जिसमें तीन जवान घायल हुए। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई शहर के एक मॉल में गुरुवार देर रात ट्रांसपोर्टर की दबंगई का मामला सामने आया। बताया गया कि दुर्ग निवासी एक महिला अपने पति और बेटे के साथ सिनेमा देखने पहुंची थी। इसी दौरान कोहका निवासी ट्रांसपोर्टर सुजीत साव और उसके रिश्तेदारों के साथ सीट पर बैठने को लेकर बहस हो गई।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने महिला के साथ छेड़खानी की। जब महिला के पति और बेटे ने विरोध किया तो ट्रांसपोर्टर और उसके साथियों ने दोनों की पिटाई कर दी। सूचना पर स्मृति नगर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी और उसके साथियों ने पुलिस से भी धक्का-मुक्की की।
प्रधान आरक्षक पंकज चौबे को धक्का देकर गिरा दिया गया, जिससे उन्हें चोट आई। पुलिस ने किसी तरह आरोपियों को पकड़कर चौकी लाया, मगर वहां भी उनका दुस्साहस जारी रहा। चौकी में ही आरोपियों ने आरक्षक कौशलेंद्र और मुंशी आत्माराम को पीट दिया। इस दौरान कौशलेंद्र का हाथ फ्रैक्चर हो गया और आत्माराम की उंगली टूट गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महिला से छेड़खानी, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुजीत साव (49), सुजीत कुमार (32), शिवपूजन कुमार (20), सागर साव (29) और जिगर साव (28) शामिल हैं। सभी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटना के दौरान मॉल और चौकी दोनों स्थानों पर करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी है। पुलिस ने देर रात आरोपियों का जुलूस निकालकर इलाके में कानून-व्यवस्था का संदेश दिया।