NDA 201 सीटों पर आगे, महागठबंधन 38 पर सीमित; तेजस्वी राघोपुर से आगे, तेजप्रताप महुआ से पीछे, पवन सिंह की पत्नी पिछड़ती रहीं
बिहार विधानसभा चुनाव के रुझान साफ कर रहे हैं कि राज्य में एक बार फिर NDA की सरकार बनने जा रही है। 243 सीटों में NDA 201 पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि महागठबंधन सिर्फ 38 सीटों पर सीमित नजर आ रहा है। JDU और BJP ने बड़े उभार के साथ चुनावी मोर्चा संभाला है, जिससे नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने के करीब हैं।
बिहार (ए)। बिहार चुनाव के शुरुआती रुझानों में NDA की प्रचंड बढ़त देखने को मिल रही है। 243 सीटों में से NDA 201 पर आगे है, जबकि महागठबंधन केवल 38 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। 2020 के मुकाबले NDA को 65 से अधिक सीटों का फायदा हुआ है, जबकि महागठबंधन को लगभग उतनी ही सीटों का नुकसान हुआ है।
पिछली बार 43 सीटों पर सीमित रही JDU इस बार 75+ सीटों पर आगे चल रही है, जिससे नीतीश कुमार की फिर से सत्ता में वापसी के आसार मजबूत हो गए हैं। BJP 90 सीटों पर बढ़त के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है।
महागठबंधन के अंदर राजद 29 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस 61 सीटों में से सिर्फ 4 पर बढ़त बनाए हुए है। प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी अब तक कोई सीट जीतने में सफल नहीं हुई है।
मुख्य उम्मीदवारों की स्थिति पर नजर डालें तो राघोपुर से तेजस्वी यादव ने अपनी बढ़त बनाए रखी है, जबकि उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव महुआ सीट से पीछे चल रहे हैं। तारापुर से सम्राट चौधरी लीड कर रहे हैं। पवन सिंह की पत्नी काराकाट सीट पर लगातार पिछड़ती दिखाई दे रही हैं।
निर्दलीयों समेत अन्य 5 सीटों पर भी बढ़त बनी हुई है। इस बार बिहार में दो चरणों में 67.10% वोटिंग दर्ज की गई है, जो पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में लगभग 10% अधिक है और राज्य में नया रिकॉर्ड है।